
पुलिस अधिकारी से मारपीट व चेन लूट के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिंडोरी 27 अक्टूबर:- दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को चौकी गोपालपुर, थाना करंजिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी गोपालपुर सहायक उपनिरीक्षक अतुल हरदहा स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एकत्रित भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा था, इसी दौरान आक्रोशित भीड़ के कुछ लोगों ने दुर्घटनाकारित ईको वाहन में आग लगा दी और चौकी प्रभारी के साथ मारपीट कर उनके गले की सोने की चेन लूट ली।
इस घटना के संबंध में थाना करंजिया में अपराध क्रमांक 229/26, धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 121(1), 132, 221, 191(2) एवं 326(एफ) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्रकरण में धारा 309(4) BNS जोड़ी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की गई तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एस. उसराठे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक सुनील पटेल ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान 27 अक्टूबर 2026 को प्रकरण के मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ गणेश कुमार आर्मो, पिता स्व. हीरा सिंह आर्मो, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम परसवाह, थाना गाड़ासरई, जिला डिण्डौरी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।



