
पंचायत भवन अधूरा, पूरी राशि आहरित! गणेशपुर में निर्माण कार्य की स्थिति देख कलेक्टर ने जताई नाराजगी- लगभग 38 लाख रुपये की लागत से बनना था पंचायत भवन, सचिव के निलंबन और सरपंच से राशि वसूली के निर्देश
गणेशपुर में निर्माण कार्य की स्थिति देख कलेक्टर ने जताई नाराजगी- सचिव के निलंबन और सरपंच से राशि वसूली के निर्देश
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 24 अक्टूबर2026- जिले में शासकीय निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विकासखंड डिंडौरी के ग्राम गणेशपुर में पंचायत भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचीं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने भवन का निर्माण अधूरा पाए जाने पर गंभीर आपत्ति जताई। बताया गया कि पंचायत भवन निर्माण के लिए स्वीकृत लगभग 38 लाख रुपये की राशि ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव द्वारा आहरित की जा चुकी है, जबकि निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है।
निरीक्षण में सामने आई निर्माण कार्य की स्थिति
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ग्राम गणेशपुर में नवनिर्मित पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं पाया गया। वहीं, निर्माण की लागत राशि पूरी तरह आहरित किए जाने की जानकारी सामने आने पर कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया।
कार्य पूर्ण कराने और भौतिक सत्यापन की जवाबदेही किसकी
शासकीय निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत राशि के उपयोग और निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की होती है। ऐसे में राशि आहरित होने के बावजूद पंचायत भवन अधूरा मिलने पर प्रशासन ने जवाबदेही तय करने की दिशा में कदम उठाया है।
सचिव के निलंबन और सरपंच से वसूली के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पंचायत सचिव भागवत प्रसाद यादव के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम पंचायत सरपंच अमर सिंह पट्टा से राशि की वसूली करने तथा नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निर्माण कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन सख्तगणेशपुर पंचायत भवन का मामला शासकीय निर्माण कार्यों की निगरानी और जवाबदेही का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
अब देखना होगा कि संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और सचिव के विरुद्ध निर्देशों के अनुसार कार्रवाई कब तक पूरी होती है तथा अधूरे पंचायत भवन का निर्माण कार्य कब तक पूरा कराया जाता है।


