डिंडोरी में बाल दिवस पर सजी बाल नगरी, संदीपनी विद्यालय के बच्चों ने लगाई दुकानें

Listen to this article

✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक

जनपथ टुडे डिंडोरी 14 नवंबर:- जिले के नरिया विकासखंड अंतर्गत स्थित संदीपनी विद्यालय में आज 14 नवंबर को बाल दिवस का उत्साह बहुत ही अलग अंदाज में देखने को मिला। विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा एक बाल मेले और बाजार का आयोजन किया गया, जिसने पूरे स्कूल में एक अनूठी रौनक बिखेर दी।

इस बाल मेले का शुभारंभ जनपद उपाध्यक्ष डिंडोरी राम किशोरी ठाकुर ने फीता (रिबन) काटकर किया। विद्यालय के प्राचार्य वंश बहोर द्विवेदी जी के मार्गदर्शन और संकुल प्राचार्य मोहम्मद शहीद खान की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस पूरे आयोजन और प्रबंधन को सफल बनाने में शिक्षक प्रवीण सोनकिया, अरुण यादव और रवि गवले आदि शिक्षक ने विशेष योगदान दिया।

छात्र-छात्राओं ने अपनी पसंद और कौशल के अनुसार खुद की छोटी-छोटी दुकानें सजाईं। किसी ने स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए तो किसी ने हस्तशिल्प और खेल सामग्री की दुकानें खोलीं। बच्चों ने खुद अपनी दुकानों का प्रबंधन किया, सामानों की बिक्री की और ग्राहकों (सहपाठियों व शिक्षकों) से संवाद किया।

इस अनूठे आयोजन से बच्चों में व्यापारिक कौशल, आत्मनिर्भरता और प्रबंधन की कला का व्यावहारिक अनुभव मिला। पूरे दिन विद्यालय परिसर में बच्चों की हंसी-खुशी और चहल-पहल से एक जीवंत माहौल बना रहा, जिससे बाल दिवस का यह दिन सभी के लिए यादगार बन गया।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000