
डिंडौरी जिला अस्पताल के सामने परिजनों ने किया सड़क जाम, जबलपुर मेडिकल कॉलेज में गर्भवती और नवजात की मौत पर हंगामा
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिंडोरी 21 अक्टूबर : जबलपुर मेडिकल कॉलेज में गर्भवती अनीता और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद बुधवार शाम को परिजनों ने डिंडौरी जिला अस्पताल के सामने सड़क जाम कर दिया। वे दोनों के शव डिंडौरी लाए जाने की मांग कर रहे थे।
इसकी सूचना मिलते ही कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम, तहसीलदार पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा लगभग एक घंटे तक समझाइश दिए जाने के बाद परिजन एम्बुलेंस से जबलपुर के लिए रवाना हुए।
मंगलवार रात किया गया था मेडिकल कॉलेज रेफर
मृतका के परिजन दीपचंद धुर्वे ने जानकारी दी कि गर्भवती अनीता को डिंडौरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मंगलवार रात को उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था, जहां इलाज के दौरान मां और नवजात दोनों की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम और जांच के लिए जबलपुर जाना जरूरी
थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने परिजनों को समझाइश दी कि मृतका नवविवाहिता थी। जबलपुर पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाने और मामले की जांच के लिए मर्ग कायम करेगी, जिसके लिए मायके पक्ष के लोगों का जबलपुर पहुंचना अनिवार्य है।



