
शासकीय महाविद्यालय बजाग में गरिमामय ढंग से मनाया गया संविधान दिवस
मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक जनपद टुडे डिंडोरी 26 नवंबर 2026
पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे रहे मुख्य अतिथि, प्रशासनिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र के अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
बजाग (डिंडौरी). शासकीय महाविद्यालय बजाग में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार कुशवाह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे शामिल हुए, जबकि विशेष अतिथि के तौर पर जनपद पंचायत बजाग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सचिन अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) श्री विवेक कुमार गौतम तथा आईटीआई बजाग के प्राचार्य श्री विजय कुमार केशरवानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।मुख्य अतिथि पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है, जो हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और अधिकारों की गारंटी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को जीवन में उतारने और राष्ट्र व समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि श्री सचिन अग्रवाल ने संविधान में निहित अधिकारों व कर्तव्यों की जानकारी देते हुए सामाजिक समरसता और जागरूक नागरिक बनने पर जोर दिया। श्री विवेक कुमार गौतम ने विद्यार्थियों को कानून के प्रति सम्मान, नागरिक अनुशासन तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व से अवगत कराया। वहीं श्री विजय कुमार केशरवानी ने शिक्षा, कौशल विकास और संवैधानिक मूल्यों के जरिए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार कुशवाह ने कहा कि संविधान दिवस अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी सचेत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान की मूल भावना समझते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेने की अपील की।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई, ताकि युवाओं में संवैधानिक जागरूकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो सके। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। समापन पर सभी ने संविधान के आदर्शों व मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

