अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर साइकिल रैली के समापन के बाद कलेक्टर ने की दुकानदारों से टीकाकरण की अपील

Listen to this article

जिला कलेक्टर ने महाअभियान का किया शुभारंभ

जनपथ टुडे, डिंडौरी, 21 जून 2021, जिले में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण का महाअभियान प्रारंभ किया गया है। इस महाअभियान में साइकिल रैली निकालकर लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक रहने और टीकाकरण कराने का संदेश दिया गया। साइकिल रैली का शुभारंभ मण्डला बस स्टैण्ड डिंडौरी से किया गया। पूर्व केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे और जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत ने हरी झण्डी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री पंकज सिंह तेकाम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष महेश पाराशर, कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, जिला पंचायत मुख्यकार्यपालन अधिकारी अरूण कुमार विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, एसडीएम डिंडौरी महेश मण्डलोई, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग डाॅ. संतोष शुक्ला, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान राघवेन्द्र मिश्रा, सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी और आमजन शामिल हुए।

जिले में कोविड 19 टीकाकरण महाअभियान में साइकिल रैली मण्डला बस स्टैण्ड से प्रारंभ होकर पुरानी डिंडौरी तिराहा, रानी दुर्गावती चैराहा, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, भारत माता चैक, रानी अवंती चैक, यातायात थाना चैराहा, जलाराम पेट्रोल पंप, सूबखार होते हुए वापस राधाकृष्ण मंदिर नर्मदा गंज डिंडौरी में पहुंची। राधाकृष्ण मंदिर में स्थित टीकाकरण केन्द्र में पुजारी सतीष कुमार दुबे उम्र 56 वर्ष को टीका लगाकर महाअभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले में टीकाकरण महाअभियान के लिए 42 केन्द्र स्थापित किए हैं। प्रथम दिवस में 5 हजार व्यक्तियों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस महाअभियान में 30 जून तक 25 हजार व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाएगा। कलेक्टर झा ने टीकाकरण के इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जनपद पंचायत अमरपुर के लिए मुख्यकार्यपालन अधिकारी ए.एस. कुसराम, जनपद पंचायत बजाग के लिए मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्रीमति स्वाति सिंह, जनपद पंचायत करंजिया के लिए मुख्यकार्यपालन अधिकारी अशोक सावनेर, जनपद पंचायत मेंहदवानी के लिए मुख्यकार्यपालन अधिकारी जी.एस. पाण्डेय, जनपद पंचायत समनापुर के लिए मुख्यकार्यपालन अधिकारी पी.आर. टांडिया, जनपद पंचायत शहपुरा के लिए मुख्यकार्यपालन अधिकारी के.के. रैयकवार, जनपद पंचायत डिंडौरी के लिए मुख्यकार्यपालन अधिकारी सुश्री वर्षा झारिया को नोडल अधिकारी बनाया है।

कलेक्टर ने दुकानदारों को दी टीका लगवाने की सलाह

 

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने इस अवसर पर दुकानो और घर-घर ने जाकर लोगों को टीकाकरण के महाअभियान में शामिल होने की अपील की। सभी व्यक्तियों को जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक है, उन्हें अनिवार्य रूप से टीका लगाने को कहा। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण की महामारी से बचने के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। टीकाकरण से हमारे शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढेगी और कोरोना से संक्रमित होने की संभावना न्यूनतम हो जाएगी। इसलिए सभी व्यक्ति जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक है उन्हें इस महाअभियान में शामिल होकर टीका लगवाना जरूरी है। कलेक्टर श्री झा ने टीकाकरण के बाद भी मास्क पहननें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा हाथों को सेनेट्राईज करने या नियमित अंतराल में धुलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमेशा घरों में रहें, सुरक्षित रहें, बिना किसी वजह के घर से बाहर न निकलें और सावधानी बरतें।

5842 लोगों को लगा टीका

कोविड-19 टीकाकरण के इस महाअभियान में प्रथम दिवस सायंकाल 4ः00 बजे तक 5 हजार 842 व्यक्तियों को टीका लगाया गया। जिसमें जनपद पंचायत अमरपुर में 712, जनपद पंचायत बजाग में 800, जनपद पंचायत डिंडौरी में 1270, जनपद पंचायत करंजिया में 709, जनपद पंचायत मेहंदवानी में 606, जनपद पंचायत समनापुर में 445, जनपद पंचायत शहपुरा में 1300 व्यक्तियों का टीकाकरण हुआ। जिले में टीकाकरण महाअभियान में महिला-पुरूष और बुजुर्ग व्यक्तियों ने बढचढ कर हिस्सा लिया।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000