
डिंडोरी में भव्य शोभायात्रा के साथ पर्युषण पर्व का समापन: जैन समाज
जनपथ टुडे डिंडोरी 06 सितंबर।
डिंडोरी। शनिवार को जैन समाज के प्रमुख पर्व पर्युषण का समापन सकल जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकालकर किया गया। दोपहर 2 बजे जैन मंदिर परिसर से भगवान महावीर की प्रतिमा की पूजा-अर्चना और मंगलाचरण के बाद शोभायात्रा की शुरुआत हुई।
शोभायात्रा में छोटे-छोटे बच्चे धर्म ध्वज थामे सबसे आगे चल रहे थे, वहीं महिलाएं पारंपरिक परिधानों में कलश यात्रा में शामिल हुईं। नगरवासियों ने जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने मार्गभर पूजा-अर्चना कर धार्मिक उत्साह प्रकट किया।
शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां शांति धारा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर सुनील जैन और रितेश जैन ने प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि पर्युषण आत्म शुद्धि, आंतरिक संयम और क्षमा का पर्व है, जिसमें उपवास, ध्यान, स्वाध्याय और प्रतिक्रमण जैसी साधनाओं से क्रोध, अहंकार और लोभ जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर करुणा, दया और मैत्री का भाव विकसित किया जाता है।
पर्व के अंतिम दिन क्षमापना की परंपरा निभाई गई, जिसमें जैन समाजजन ने “मिच्छामि दुक्कड़म” कहकर आपसी क्षमा-याचना की और समाज में सौहार्द का संदेश दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान नगर प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रही। धार्मिक उल्लास और श्रद्धा से सम्पन्न यह आयोजन नगर की सामाजिक-सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना।