
डिण्डौरी पुलिस की ऐसी ‘डिजिटल स्ट्राइक’, अन्य राज्यों से भी खींच लाई आपके गुमशुदा मोबाइल
उपसंपादक मोहम्मद साहिब 9406850186
जनपथ टुडे डिण्डौरी 06 फरवरी 2026— पुलिस ने आम जनता की सुरक्षा और उनके खोए हुए सामान की वापसी की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में, जिले की साइबर टीम और विभिन्न थाना प्रभारियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और कड़ी मेहनत के बल पर 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹32,50,000/- (बत्तीस लाख पचास हजार रुपये) आंकी गई है।

इस पूरी कार्यवाही के दौरान साइबर सेल और थाना स्तर की टीमों ने आधुनिक मोबाइल ट्रैकिंग तकनीक और IMEI ट्रेसिंग का सहारा लिया। पुलिस टीमों ने डिजिटल निगरानी के माध्यम से मोबाइल फोन की लोकेशन को ट्रैक किया और विभिन्न जिलों तथा अन्य राज्यों से इन्हें रिकवर करने में सफलता प्राप्त की। आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 49 मोबाइल कोतवाली डिण्डौरी के शहपुरा से 34, समनापुर से 30, मेहंदवानी व करंजिया से 10-10, गाडासरई से 09, बजाग से 06 और शाहपुर से 03 गुमशुदा मोबाइल रिकवर किए गए हैं।

डिंडोरी पुलिस ने वर्ष 2024 से अब तक कुल 1100 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी सामूहिक बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 59 लाख रुपये है। इस अभियान में विशेष रूप से तकनीकी आरक्षकों और प्रधान आरक्षकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर डिजिटल फुटप्रिंट्स का पीछा किया बल्की कामयाबी भी हासिल की।
मोबाइल गुम होने पर क्या करें? (पुलिस की अपील)
डिण्डौरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत नीचे दिए गए चरणों का पालन करें:
- CEIR पोर्टल पर जाएं: आधिकारिक वेबसाइट https://ceir.gov.in पर लॉग इन करें।
- ब्लॉक करें: “Block your lost/stolen mobile” विकल्प चुनें ताकि आपके डेटा का दुरुपयोग न हो।
- दस्तावेज: FIR की कॉपी, मोबाइल का बिल (Invoice) और अपना पहचान पत्र अपलोड करें।
- IMEI नंबर: फोन के बॉक्स या बिल पर लिखा IMEI नंबर दर्ज करें।
- सूचना दें: तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन को सूचित करें।



