
संकल्प से समाधान – बम्हनी में आयोजित हुआ क्लस्टर स्तरीय शिविर

संकल्प से समाधान – बम्हनी में आयोजित हुआ क्लस्टर स्तरीय शिविर
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 28 फरवरी 2026 – डिण्डोरी जिले के समनापुर विकासखंड अंतर्गत बम्हनी में शासन की महत्वाकांक्षी पहल संकल्प से समाधान अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।
शिविर में राजस्व, पंचायत, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एक ही मंच पर कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। मौके पर ही प्राप्त आवेदनों का समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को तय समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश अधिकारियों द्वारा दिए गए।
ग्रामीणों ने जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा जल एवं विद्युत से जुड़ी समस्याओं के आवेदन शिविर में प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित विभागों ने गंभीरता से कार्यवाही की।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी से शिविर की प्रभावशीलता और बढ़ी। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिल रही है और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे। बम्हनी में आयोजित यह क्लस्टर स्तरीय शिविर प्रशासन और जनता के बीच सेतु बनकर उभरा जो “समस्या से समाधान” की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पंवती कुशराम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज जैन, वरिष्ठ पत्रकार लखन बर्मन सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।



