
जनगणना 2027 का प्रथम चरण प्रारंभ, डिजिटल जियो-मैपिंग से होगा हर घर का सटीक पंजीयन

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 04 अप्रैल, 2026
भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ 1 मई से किया जा रहा है। इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी, जिसमें जियो-मैपिंग तकनीक के माध्यम से प्रत्येक मकान एवं परिवार का सटीक पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आधुनिक प्रणाली से किसी भी घर के छूटने या दोहराव की संभावना समाप्त हो जाएगी। जियो-टैगिंग के माध्यम से प्रत्येक भवन का सटीक लोकेशन दर्ज किया जाएगा, जिससे आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता में वृद्धि होगी।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे गणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आधार है, जिससे जिले के समग्र विकास की योजना तैयार की जाती है।
डिजिटल प्रक्रिया की प्रमुख विशेषताएं
जनगणना मोबाइल ऐप आधारित होगी, जिसमें जियो-मैपिंग के माध्यम से प्रत्येक मकान का लोकेशन दर्ज किया जाएगा। नागरिक निर्धारित समय में स्वयं भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। डेटा की सुरक्षा हेतु उन्नत डिजिटल सुरक्षा प्रणाली लागू की गई है।
संग्रहित की जाने वाली जानकारी
जनगणना के दौरान परिवार की मूलभूत जानकारी, आवास की स्थिति, शिक्षा, रोजगार आदि से संबंधित विवरण एकत्र किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की बैंकिंग, आयकर, ओटीपी या अन्य संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगी जाएगी।
प्रशासन की तैयारियां पूर्ण
जिले में गणना कार्य के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है। सुपरवाइजर एवं गणना कर्मियों की तैनाती कर दी गई है, जो निर्धारित समय-सीमा में कार्य को पूर्ण करेंगे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन डिंडोरी ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सहभागिता की अपील की है।

