
ग्राम पंचायत हिनौता में आयोजित हुआ राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस

ग्राम पंचायत हिनौता में आयोजित हुआ राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 24 अप्रैल,2026- राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस का आयोजन विकासखंड डिंडोरी की ग्राम पंचायत हिनौता के पंचायत भवन में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर जिले भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर ग्रामीण स्वशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों में विशेष सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को पंचायत राज व्यवस्था के अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की मजबूत नींव है, जहां ग्राम सभा के माध्यम से गांव के विकास कार्यों की योजना बनाकर उन्हें प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे ग्राम सभाओं में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने गांव की आवश्यकताओं के अनुसार प्रस्ताव रखें।
अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा ग्राम पंचायतों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट प्रबंधन एवं स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकार दिए गए हैं। इसके माध्यम से सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वच्छता एवं आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास गांव स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा रहा है। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ग्रामीणों ने गांव के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया और पंचायतों को सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर ग्राम की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्यौहार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे, महेश धुमकेती, सरपंच नरेन्द्र कुमार सरैया सहित कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन एवं जनपद सीईओ प्रमोद ओझा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों में सोखता टैंक बनाए जा रहे हैं। साथ ही नदी-नालों, सड़कों के किनारे एवं घरों के पास रिचार्ज प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं, जिससे भूजल स्तर में सुधार हो सके।

ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सचिव ग्राम पंचायत हिनौता वचन सिंह मार्को को जनमन आवास योजना में लक्ष्य पूर्ण करने पर, परसोत्तम धार्वे (ग्राम पंचायत दर्री मोहगांव) को पीएम आवास एवं 97.58 प्रतिशत समग्र ई-केवाईसी पूर्ण करने पर, राकेश परस्ते (ग्राम पंचायत औरई) को स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत वाटर हार्वेस्टिंग एवं शोकपिट निर्माण में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। इसके अलावा भरत सिंह बिलागर, श्रीमती ममता बिलागर एवं राममिलन परमार को समग्र ई-केवाईसी में 96 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।


