
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की औचक कार्रवाई से मचा हड़कंप
✍️ मोहम्मद साहिब
जनपथ टुडे डिंडोरी 8जून:- सरकारी दफ्तरों में समय की पाबंदी और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस औचक कार्रवाई से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अलग-अलग विभागों की विभिन्न शाखाओं की जांच की गई, जिसमें बड़े पैमाने पर लापरवाही सामने आई है। कुल 25 कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के अपने कर्तव्यों से अनुपस्थित पाए गए।
इन प्रमुख विभागों और शाखाओं की हुई जांच
- वित्त शाखा और शिकायत शाखा
- लोक सेवा प्रबंधन एवं ई-गवर्नेंस विभाग
- भू-अभिलेख और जनजातीय कार्य विभाग
- पिछड़ा वर्ग शाखा, महिला सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग
- खाद्य शाखा, आबकारी विभाग, सहकारिता विभाग
- सांख्यिकी एवं योजना कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनसंपर्क कार्यालय और श्रम विभाग
कारण बताओ नोटिस जारी
कलेक्टर का सख्त रुख: “कार्यालयीन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।”
निरीक्षण के दौरान बिना अनुमति गायब मिले 25 कर्मचारियों के खिलाफ कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को तत्काल ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया जाए। यदि कर्मचारियों द्वारा दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं।
गर्मी को देखते हुए खाद्य विभाग में कूलर लगाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केवल प्रशासनिक कसावट ही नहीं देखी, बल्कि कर्मचारियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा। खाद्य विभाग के अवलोकन के दौरान भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सुविधा के लिए बैठक कक्ष में तुरंत कूलर लगाने के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
इस पूरे औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा। कलेक्टर के साथ मुख्य रूप से डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




