मानसून पूर्व बाढ़ आपदा तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, नर्मदा डेम घाट पर हुआ मॉक ड्रिल प्रदर्शन

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्राजनपथ टुडे डिंडौरी : 11 जून,2026- वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए जिले में बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने गुरुवार को नर्मदागंज स्थित मां नर्मदा डेम घाट पहुंचकर होमगार्ड विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, जनसंपर्क अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न उपकरणों जैसे मड पंप, डीप डाइविंग सेट, रबर बोट, आउटबोर्ड मोटर (ओबीएम), लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, स्ट्रेचर, टॉवर लाइट, चेन सॉ, हैमर ड्रिल मशीन, गैस मास्क, बीए सेट एवं अन्य आपदा प्रबंधन उपकरणों की कार्यक्षमता का परीक्षण कराया। अधिकारियों ने सभी उपकरणों को चालू कर उनके उपयोग और संचालन की जानकारी प्राप्त की।

होमगार्ड प्लाटून कमांडर शिवराज पंद्रे ने आपदा प्रबंधन की विभिन्न अवस्थाओं आपदा पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान बचाव कार्य तथा आपदा उपरांत पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों एवं होमगार्ड जवानों को मॉक ड्रिल के माध्यम से आगजनी, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), सीपीआर, बाढ़ बचाव एवं राहत शिविरों के चयन संबंधी प्रशिक्षण भी प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान होमगार्ड जवानों ने डेम घाट के भीतर तैराकी कर जल बचाव अभियान का सफल प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल में यह बताया गया कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में लोगों को किस प्रकार सुरक्षित निकाला जा सकता है। इस प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने होमगार्ड विभाग को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान आवश्यक अतिरिक्त उपकरणों की मांग के लिए शीघ्र ही भोपाल को मांगपत्र भेजा जाए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि बाढ़ से बचाव और आपदा के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए होमगार्ड कार्यालय अथवा नर्मदा डेम घाट पर तैनात जवानों से संपर्क करें, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जनहानि को रोका जा सके।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000