घने जंगल में छिपे हत्या के आरोपी को समनापुर पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

Listen to this article

 

प्रकाश मिश्रा- संपादक

जनपथ टुडे डिंडोरी 27 जुलाई 2026- डिंडौरी जिले की समनापुर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए फरार आरोपी को घने जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की और न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे थाना समनापुर क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में हुई।

मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने पुलिस को बताया कि दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय गांव के सुकल सिंह मरावी का उसके पति से विवाद हो गया। विवाद के बाद आरोपी ने तालाब के पास कमल सिंह मरावी को पकड़ लिया और पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से कमल सिंह मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पास के जंगल में फरार हो गया।

SP KHARE ने किया विशेष टीम गठित – 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की संभावित लोकेशन का विश्लेषण कर घने जंगल में व्यापक सर्च अभियान चलाया। करीब चार से पांच घंटे तक लगातार तलाशी और प्रभावी घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जिला जेल डिंडौरी भेज दिया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में एसडीओपी विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर तिवारी, उप निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, सहायक उप निरीक्षक संतोष यादव (चौकी प्रभारी), कमल सिंह उइके, खेमवती मरावी, प्रधान आरक्षक भारत लाल बसंत, राजेश मरावी, संतोष धुर्वे, कृष्णपाल सिंह तथा आरक्षक सुनील कुमार पट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000