वर्षों से एक ही स्थान पर जमे राजस्व निरीक्षकों के तबादले की मांग

Listen to this article

मुख्यालय से नदारत रहता है राजस्व अमला

वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ है
अधिकांश अमला जिला मुख्यालय में है निवासरत



जनपथ टुडे, डिंडोरी, 2 मार्च 2021, बसपा जिलाध्यक्ष असगर सिद्दीकी ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर राजस्व निरीक्षकों को अपने मुख्यालयों में नहीं मिलने की बात कहते हुए मांग की है कि कभी-कभी मुख्यालय पर उपस्थित होने वाले राजस्व निरीक्षकों को चिन्हित किया जावे और उनका तहसील स्तर पर तबादला किया जावे।

असगर सिद्दीकी राजस्व निरीक्षकों के इस रवैये से ग्रामीण जन को परेशान बताते हुए कहा है कि कृषक नामंत्रण, फौतिनामा, संशोधन आदि कार्यों के लिए भटकते रहते हैं, राजस्व निरीक्षक अपने मुख्यालयों पर उपस्थित नहीं मिलते और जिला कार्यालय में होने का बहाना करते हैं। जब संबंधित ग्रामीण यहां किराया खर्च कर पहुंचता है तब यहां भी नहीं मिलते। जिससे ग्रामीण परेशान हैं वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ ऐसे निरिक्षकों का तत्काल तबादला किया जावे।

गौरतलब है कि जिले में राजस्व निरीक्षक वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं और उनके द्वारा ग्रामीणों के कार्य समय पर नहीं किए जाने की ढेरों शिकायतें जिला मुख्यालय तक आती रहती हैं। किंतु ग्रामीणों की कोई सुनवाई नहीं होने तथा शिकायतों की जानकारी राजस्व निरीक्षण को मिलने के बाद इनके द्वारा ग्रामीणों को और अधिक तंग किया जाता है। जिसके चलते जिले भर में ग्रामीणजन परेशान हैं। शासन के आदेश के बाद भी निर्धारित दिनों में राजस्व अमला अपनी मैदानी पदस्थापना मुख्यालय पर उपस्थित नहीं पाया जाता है। किंतु इनके विरुद्ध फिर भी कोई कार्यवाही नहीं होती जबकि इस अव्यवस्था से ग्रामीण बेहद परेशान हैं।

सूत्र बताते हैं कि राजस्व का अधिकांश अमला जो कि विकासखंड और तहसील मुख्यालय पर पदस्थ है जिला मुख्यालय पर निवास करते हैं, और उनके द्वारा अपने मुख्यालय पर उपस्थित न होने की वजह से ग्रामीण परेशान होते है। ग्रामीणों को उनके कार्य हेतु जिला मुख्यालय से बुलाया जाता है जिससे ग्रामीण अनावश्यक समय और पैसा बर्बाद करने को मजबूर है। शासन के नियमों के विरूद्ध ये लोग अपने मुख्यालय में निवास नहीं करते और वर्षों से एक ही स्थान पर डटे राजस्व अमले द्वारा ग्रामीणों को परेशान भी किया जाता है।




Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000