लोकेश पटेरिया कांग्रेस से निष्कासित

Listen to this article

PCC ने जारी किया आदेश

महासचिव के साथ गाली गलौज पर हुई कार्यवाही

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 23 जुलाई 2021, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और डिंडोरी जिला प्रभारी के साथ फोन पर गाली गलौज करने के मामले में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बजाग, लोकेश पटेरिया को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभास शेखर ने लिखित निष्कासन आदेश जारी किया है।

 

 

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी आदेश पत्र में निष्कासित कांग्रेसी लोकेश पटेरिया पर संभागीय बैठक के दौरान सार्वजनिक मंच से कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों को नहीं मानने संबंधी बयान के साथ युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव के साथ फोन पर गाली गलौज और अभद्रता भरे बर्ताव का जिक्र किया गया है। जारी पत्र की प्रतिलिपि कांग्रेस जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला को भी प्रेषित की गई है।

गौरतलब है कि बीते दिनों ब्लॉक अध्यक्ष युवक कांग्रेस की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस गुटबाजी उजागर हो गई थी। इसी दौरान तत्कालीन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश पटेरिया ने प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस और डिंडोरी जिले के प्रभारी वीरेंद्र करौसिया के साथ कथित तौर पर फोन पर गाली गलौज को अंजाम दिया था। गांधीवाद का दावा करने वाले कांग्रेस पदाधिकारी के इस वार्तालाप का कथित AUDIO सार्वजनिक होने और प्रदेश संगठन तक मामला पहुंचने के बाद निष्कासन की गाज लोकेश पटेरिया पर गिरी है। कथित तौर पर की गई अभद्रता को तत्काल संज्ञान में लेते हुए ब्लाक अध्यक्ष के निष्कासन जैसा कठोर निर्णय लिया है और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट रूप से संदेश दिया है कि इस प्रकार की अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी और अनुशासन के दायरे में रहना सीखना होगा

हालांकि कांग्रेस का एक धड़ा निष्कासन को रद्द करवाने जोर लगा रहा है। लेकिन इस पूरे मामले में कांग्रेस में वर्चस्व की अंदरूनी लड़ाई उजागर हो गई है। पूरे मसले पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। वहीं मीडिया ग्रुप में निष्कासित ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा उनके निष्काषन पर संगठन द्वारा स्टे दिए जाने की बात कही जा रही है। कथित आडियो व पत्र की पुष्टि अब तक स्थानीय संगठन द्वारा नहीं की गई है। बरहाल इस पूरे मामले को लेकर जिला कांग्रेस में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000