राज्यपाल ने राष्ट्रीय जीवाश्म उद्यान घुघवा में देखे साढ़े छः करोड़ वर्ष पुराने जीवाश्म

Listen to this article

जनपथ टुडे, डिंडौरी, 5 अक्टूबर 2021, राज्यपाल मध्यप्रदेश शासन श्री मंगुभाई पटेल अपने दो दिवसीय डिंडोरी प्रवास के निर्धारित कार्यक्रम के तहत घुघवा स्थित राष्ट्रीय जीवाश्म उद्यान पहुंचे। उन्होंने यहाँ पहुंचकर लगभग साढ़े 6 करोड़ वर्ष पुराने जीवाश्मों का अवलोकन किया। उन्होंने जीवाश्म पार्क में स्थित वनस्पति एवं अन्य प्रकार के जीवाश्म के संबंध में विभाग के जानकारों से जानकारी ली।

उन्होंने राष्ट्रीय जीवाश्म उद्यान में स्थित विभिन्न प्रकार के जीवाश्म तथा अन्य तथ्यों के बारे में भी जानकारी ली। श्री पटेल ने वनस्पति जीवाश्मों के बारे में जानकारी लेते हुए पार्क एवं पार्क के आसपास के क्षेत्र में स्थित वनस्पतियों और जीवाश्मों के संबंध में जाना।

जीवाश्म निर्माण, खोज एवं सरंक्षण के बारे में जाना
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने घुघवा के जीवाश्म राष्ट्रीय उद्यान के जीवाश्मो का उत्सुकता एवं कौतूहल के साथ अवलोकन किया। उन्होंने पार्क प्रबंधन से पृथ्वी के निर्माण से लेकर अलग-अलग काल में होने वाली विभिन्न भौगोलिक एवं भूगर्भिक गतिविधियों का आरेखीय अवलोकन किया। श्री पटेल ने इस दौरान जीवाश्मो के निर्माण की प्रक्रिया, जीवाश्म की खोज तथा जीवाश्म के परिरक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जीवाश्मो के काल निर्धारण से संबंधित अलग-अलग विधियों के बारे में भी संबंधित अमले से बातचीत की।

“विजिटर बुक” में साझा किए अनुभव

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रीय जीवाश्म उद्यान भ्रमण के पश्चात पार्क की विजिटर बुक में अपने अनुभव का उल्लेख किया। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि “डिंडोरी प्रवास के दौरान जीवाश्मों के बारे में जानकर प्रसन्नता हुई। उद्यान में जीवाश्मों का संरक्षण एवं संकलित जानकारी सराहनीय है।”

उद्यान भ्रमण के दौरान कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, वन मण्डल अधिकारी सलिल गर्ग, विधायक शहपुरा भूपेंद्र मरावी, अपर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अंजू अरूण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000