
अमरपुर/ वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों से भेदभाव को लेकर विवाद
देव सिंह भारती
जनपथ टुडे, अमरपुर, डिंडौरी, 6 अक्टूबर 2021, रानी अवंतीबाई शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय अमरपुर में वन विभाग एवं विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में आजादी के 75 वीं वर्षगांठ पर 6 अक्टूबर को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां पर अचानक क्षेत्रीय जनपद सदस्य मालती तिवारी पहुंची और उन्होंने सौरभ शर्मा परिक्षेत्र अधिकारी एवं प्रभारी प्राचार्य गुलाब सिंह ठाकुर से पूछा कि ऐसे शासकीय आयोजन में जनप्रतिनिधियों को आखिर आमंत्रित क्यों नहीं किया गया? इसी बीच सहायक परिक्षेत्र अधिकारी जी एल चौधरी ने मण्डल अध्यक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनको आंमत्रित करना था। इस पर श्रीमति तिवारी का कहना था की कार्यक्रम शासकीय हैं और आप लोग पक्षपात पूर्ण व्यवहार करते हैं। इस संबंध में प्रभारी प्राचार्य से पूछे जाने पर उन्होंने जवाब दिया कि वन विभाग से फोन पर कहा गया था कि पौधरोपण के लिए गड्ढे करवाना हैं तो उनने विद्यालय के भृत्यों से 60 गड्ढे खुदवाये गए है। तब विवाद बढ़ता देख महेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी अमरपुर द्वारा विवाद को समाप्त करने के प्रयास करते हुए समझा बुझाकर श्रीमति तिवारी को वहां से लेकर चले गए, जिससे विवाद समाप्त हो सका। किन्तु इस आयोजन में शासकीय अमले की भेदभावपूर्ण कार्यप्रणाली से आमजन और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश व्याप्त है।
सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी चौधरी का जवाब देने का तरीका और जनप्रतिनिधियों की अपेक्षा किया जाना चर्चाओं में रहा। श्रीमती तिवारी को दिया गया उनका जवाब पूरे घटनाक्रम में विवादित बताया जा रहा है। उत्पन्न हो रही स्थिति में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को संज्ञान में लेते हुए अमले को राजनीति पक्ष विपक्ष से दूर रहने और जनप्रतिनिधियों से समानता का व्यवहार करने और विवादों से बचने की समझाइश देने व उचित कार्यवाही करनी जरूरी है।