कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ जिला स्तरीय किसान मेला

Listen to this article

प्राकृतिक खेती से जुड़ने एवं जैविक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन पर जोर

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 26 अप्रैल 2022, ( प्रकाश मिश्रा) किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी अभियान के तहत आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत जिला स्तरीय किसान मेला मंगलवार 26 अप्रैल को कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ। आत्मा परियोजना एवं किसान कल्याण तथा कृषि विभाग डिंडोरी के संयुक्त सहयोग से किसानों को कृषि की नई तकनीक का प्रशिक्षण तथा कृषि के क्षेत्र में उन्नत तकनीकों का प्रचार प्रसार, प्रचलित एवं सफल कृषि तकनीक का प्रशिक्षण देना एवं प्राकृतिक खेती से जिले के किसानों को जोड़कर कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए किसान मेले का आयोजन किया गया ।जिला स्तरीय किसान मेला में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई जिनमें जैविक एवं प्राकृतिक तरीके से बीजों का अंकुरण एवं रोपण कर सरल एवं सहज प्रक्रिया अपनाते हुए नगद फसल के उत्पादन पर जोर देते हुए किसानों को प्रशिक्षित कर कृषि कार्य हेतु प्रेरित किया गया।

 

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे क्षेत्रीय विधायक ओमकार सिंह मरकाम महिला मोर्चा भाजपा की जिला अध्यक्ष नरवरिया मरकाम भाजपा नेत्री शक्ति परस्ते, रजनी श्रीवास, अर्चना गौतम सहित कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी कर्मचारी तथा कृषि वैज्ञानिक मौजूद रहे ।

जिला स्तरीय किसान मेला को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की अधिकारी रेणु पाठक ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को सामने रखते हुए कहा कि इस मेले में दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से आये किसान जो देश के विकास में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करते हैं उन्हें प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा कृषि की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण देना आयोजित किसान मेले का प्रमुख उद्देश्य है।

किसान मेले में शामिल होने आए किसानों को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की अधिकारी डॉ गीता सिंह ने कहा कि पालतू पशु प्राकृतिक खेती के आधार हैं। किसानों को रासायनिक खेती से दूर रहते हुए जैविक कृषि की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेतों में बीजों को डालने से पहले उनका जैविक तरीके से उपचार करना चाहिए गोमूत्र से बीजों को उपचारित करने के बाद खेतों में डालना चाहिए इस प्रकार बीज कम खराब होंगे और अंकुरण अधिक बढ़ेगा। उत्पादन बढ़ाने के लिए केंचुआ खाद और गोबर खाद का प्रयोग करते हुए नगद फसल का उत्पादन किसानों को करना चाहिए जिससे दैनिक आय में वृद्धि होगी और अच्छा मूल्य प्राप्त होगा।

किसान मेला को जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे ने भी संबोधित किया उन्होंने कहा कि हमारा जिला कृषि बाहुल्य है यहां पर बड़ी संख्या में किसान कृषि का कार्य करते हैं जिले में कृषि के योग्य जलवायु, संसाधन एवं सिंचाई के लिए पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं है फिर भी जिले के किसान अनाज एवं सब्जियों का उत्पादन करते हुए स्वयं के परिवार भरण पोषण कर रहे हैं। साथ ही जिले के लोगों को शुद्ध अनाज उपलब्ध करा रहे हैं। किसान मेला के आयोजन की आवश्यकता पर जोर देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के मेले के आयोजन से किसानों को नई तकनीक और उन्नत कृषि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त होती है जिससे किसानों को लाभ मिलता है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000