गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का “सत्य सेवा संकल्प जन अधिकार” महासम्मेलन कल
मिशन विधानसभा चुनाव 2023 का शंखनाद
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 1 अप्रैल 2023, जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट स्कूल ग्राउंड में 2 अप्रैल को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा आयोजित महासम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम, राष्ट्रीय महासचिव मध्यप्रदेश प्रभारी श्याम सिंह मरकाम, राष्ट्रीय कानूनी सलाहकार व सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मेहमूद प्राचा, संतोष चंद्राकर राष्ट्रीय महामंत्री एवं मंडला लोकसभा प्रभारी, आशा पोया राष्ट्रीय महामंत्री, श्रीमती प्रीतम पंद्राम राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा सहित प्रदेश के सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डिंडोरी पहुंचेंगे। आयोजित कार्यक्रम में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति का ऐलान करेगी वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ताओं को संबोधित कर आगामी चुनाव में पार्टी की नीति जन जन तक पहुंचाने का आवाहन करते हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की जीत का संकल्प लिया जावेगा। कानूनी सलाहकार एवं कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता मेहमूद प्राचा अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के संवैधानिक अधिकार और सरकारों द्वारा की जा रही अपेक्षा, इसके खिलाफ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा शुरू की जा रही कानूनी लड़ाई पर विस्तार से चर्चा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अमान सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं से डिंडोरी पहुंचने की अपील प्रदेश संगठन महामंत्री संगठन प्रभारी मप्र. हरेंद्र सिंह मार्को ने करते हुए सभी पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की ।
महमूद प्राचा का आगमन
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन प्रभारी हरेंद्र सिंह मार्को ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सुप्रीम कोर्ट के सीनियर लॉयर देश के विख्यात वकील महमूद प्राचा साहब का कल डिंडोरी जिला मुख्यालय पर आगमन हो रहा है। जहां वे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के द्वारा आयोजित प्रदेश सम्मेलन में भाग लेंगे, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय कानूनी सलाहकार महमूद प्राचा एक ख्यातिप्राप्त संविधान और कानून विशेषज्ञ हैं वे नागरिक अधिकारों के गहरे जानकर हैं, और लगातार आदिवासी, दलित, महिला, पिछड़े व अल्पसंख्यकों के संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की लड़ाई सर्वोच्च न्यायालय में करते रहते हैं और न्याय दिलाते रहते हैं। हरेंद्र मार्को ने बताया कि महमूद प्राचा साहब डिंडोरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि/वक्ता के रूप में पधार रहे हैं। अब तक कांग्रेस, भाजपा सरकारों ने आदिवासियों के साथ जो संवैधानिक और कानूनी अधिकारों का हनन किया है उसकी पोल खोलेंगे और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के आगामी चुनाव के कार्यक्रम को रखेंगे। हरेंद्र सिंह मार्को ने समस्त जिलावासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।