
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का महाअधिवेशन 5 – 6 अगस्त को मंडला में
राष्ट्रीय कार्यकारिणी और प्रदेश पदाधिकारी होंगे शामिल
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 21 जुलाई 2023, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति तय करने हेतु आगामी 5 – 6 अगस्त को मंडला में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों का अधिवेशन कर रही है। जिसमें चुनाव की रणनीति, पार्टी के मुद्दों, घोषणापत्र सहित चुनाव संचालन में पदाधिकारियों की भूमिका तय की जावेगी। आयोजित दो दिवसीय अधिवेशन में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों से विभिन्न विषयों पर विचार मंथन किया जावेगा।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रेरणास्रोत पेनवासी दादा हीरा सिंह मरकाम जी एवं मोतीराम कंगाली के संघर्ष को साकार करने प्रदेश की सत्ता में आदिवासी समाज की हिस्सेदारी के लिए आदिवासी मतदाताओं को जागरूक किए जाने के प्रयासों पर चर्चा की जावेगी। अधिवेशन में पार्टी की आगामी रणनीति तय की जावेगी और प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री और आदिवासी सरकार बनाने की दिशा में संपूर्ण प्रयासों को अंतिम रूप दिया जाबेगा।
समारोह के मुख्य अथिति माननीय श्री तिरुमाल तुलेश्वर मरकाम (राष्ट्रीय अध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी) विशिष्ट अथिति माननीय श्री तिरुमाल श्याम सिंह मरकाम, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी मध्य प्रदेश) कार्यक्रम के अध्यक्ष माननीय श्री तिरुमाल अमान सिंह पोर्ते जी, प्रदेश अध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी होगे।
कार्यक्रम स्थल दादी की बगिया, पड़ाव, डिंडोरी रोड़ मंडला में 5 व 6 अगस्त दिन शनिवार एवं रविवार को सुबह 11 से सायंकाल 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा साथ ही रात्रि में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
महाअधिवेशन में राष्ट्रीय कार्यकारिणी, प्रदेश के समस्त राष्ट्रीय पदाधिकारीगण, प्रदेश पदाधिकारीगण, राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, प्रदेश के समस्त जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री, सभी ब्लाक अध्यक्ष, निर्वाचित जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण की उपस्थिति रहेगी। पार्टी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के देश और प्रदेश से लगभग 1000 पार्टी पदाधिकारी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के महाअधिवेशन में शिरकत करेंगे।