गोंगपा की जिला एवं प्रदेश कमेटियां भंग, बड़े बदलाव की घोषणा

Listen to this article

सदस्यता अभियान कर संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा

लोकसभा चुनाव में मजबूती से उतरेगी पार्टी

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 6 दिसम्बर 2023,
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमान सिंह पोर्ते ने विगत दिवस जबलपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए सभी जिला, ब्लॉक और प्रदेश कमेटियों को भंग कर दिया। बैठक में विधानसभा चुनाव 2023 की समीक्षा बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों की निष्क्रियता, गुटबाजी, भितरघात आदि की शिकायतों पर चर्चा के बाद, प्रदेशाध्यक्ष अमान सिंह पोरते ने प्रदेश भर में सदस्यता अभियान प्रारंभ कर नए सिरे से ब्लॉक, जिला और प्रदेश कमेटियों के गठन किए जाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया।

बैठक में सभी जिलों से आए पार्टी पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। विधानसभा चुनाव की रणनीति और परिणामों पर चर्चा के दौरान निष्कर्ष निकला की पार्टी संगठन को मजबूत और संगठित किए जाने, जिम्मेदार जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठन में बड़े अवसर दिए जाने की जरूरत है। पार्टी के निर्देशों का पालन और कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को अनुशासन और पार्टी हित में मैदानी कार्य करने की जरूरत है। विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों, पार्टी छोड़कर जाने वाले, विरोधी दलों के प्रत्याशियों को समर्थन करने वाले पार्टी सदस्यों पर भी कार्यवाही की मांग रखी गई। बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया की पार्टी संगठन को मजबूत करने की विशेष जरूरत है और अब नए लोगों को उनकी क्षमताओं के अनुसार संगठनात्मक दायित्व सौंपा जाना चाहिए। विचार विमर्श के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने सभी ब्लॉक, जिला, प्रदेश, मोर्चा और प्रकोष्ठ कमेटियों को भंग किय जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया इस विषय पर माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से अनुमति ली जा चुकी है, और उन्होंने पार्टी और संगठन के हित में सभी जरूरी निर्णय लेने फ्री हैंड भी दिया है। साथ ही उन्होंने बताया कि बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश के दस से अधिक लोकसभा क्षेत्रों से पार्टी प्रत्याशी लड़ाए जाने पर विचार किया गया। आदिवासी बहुल क्षेत्रों से पार्टी चुनाव लडेगी और इसके लिए सभी संगठनात्मक आवाश्यक तैयारियां प्रारंभ की जा रही है और प्रदेश स्तर पर पार्टी सदस्यता अभियान शुरू करेगी जिसके बाद सभी स्तरों पर कमेटियों का निर्धारित पैमाने के आधार पर गठन किया जाएगा जो नई ऊर्जा के साथ लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेगी और पूरी ताकत के साथ पार्टी चुनाव लडेगी।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000