डिण्डोरी भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न – संगठन, सेवा और सुशासन को लेकर हुआ व्यापक मंथन

Listen to this article

डिण्डोरी भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न

संपादक प्रकाश मिश्रा 

 जनपथ टुडे डिण्डोरी 28 मई 2026 – भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिण्डोरी में आज “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत विशाल जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिले भर से आए भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

कार्यशाला में संगठनात्मक संरचना को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा एवं मार्गदर्शन दिया गया।

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए बनी है क्योंकि यह पार्टी केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। गरीबों को आवास, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को उज्ज्वला योजना, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तथा आदिवासी समाज के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं और संगठन की विचारधारा को मजबूत करें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली शक्ति है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा कार्यकर्ता आधारित राजनीति को महत्व दिया है और यही कारण है कि भाजपा आज देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है।

कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम जिला संयोजक व जिला महामंत्री सुधीरदत्त तिवारी व आभार जिला उपाध्यक्ष दिलीप ताम्रकार ने व्यक्त किया।

उक्त कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता अशोक अवधिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र सिंह राजपूत, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000