धनुवासागर में सड़क निर्माण पर सवाल: ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का लगाया आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग

Listen to this article

 

धनुवासागर में सड़क निर्माण पर सवाल: ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का लगाया आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 10 जून 2026 – डिंडोरी जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत धनुवासागर में मॉडल स्कूल से मुक्तिधाम तक बनाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण कार्य का ठेका स्थानीय पंच को दे दिया गया। निर्माण कार्य में मजदूरों के बजाय मशीनों का उपयोग किया गया, जिससे रोजगार के अवसर भी प्रभावित हुए। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य की राशि 4 दिसंबर 2025 और 13 अप्रैल 2026 को निकाल ली गई थी, लेकिन लंबे समय तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।

शिकायत के अनुसार, सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने 6 मई 2026 को कलेक्टर को शिकायत की थी। इसके बाद 1 जून 2026 से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान सड़क को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक रोलर का उपयोग नहीं किया गया और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण में फ्लोरिंग मशीन का उपयोग किया गया, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा सड़क की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। वहीं, इस मामले में जनपद पंचायत के एसडीओ बिजेंद्र सारीबान ने निर्माण कार्य में उपयोग की गई क्योरी (क्योरिंग) मशीन को नियमसम्मत बताते हुए उसके उपयोग को उचित ठहराया है। हालांकि ग्रामीण एसडीओ के इस तर्क से संतुष्ट नहीं हैं और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कदम उठाता है और सड़क निर्माण में लगाए गए आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000