
कलेक्टर ने झिंझरी और इमलई मॉल छापर टोला में NH रोड निर्माण का किया निरीक्षण, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिंडौरी 02 सितंबर:- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल कड़ा रुख अपनाते हुए ग्राम झिंझरी और इमलई मॉल छापर टोला में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। सड़क निर्माण की निम्न गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर खुद मौके पर पहुंचीं और जारी कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री, निर्माण प्रक्रिया और तकनीकी मानकों की जांच की। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार ही पूरा किया जाए।
शासकीय कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो और यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों से बातचीत कर सुनीं समस्याएं
स्थल पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने सड़क निर्माण से जुड़ी उनकी समस्याएं और सुझाव ध्यानपूर्वक सुने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए बिंदुओं का तत्काल परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि निर्माण कार्य पारदर्शी और मजबूत हो सके।

