
बंधुआ एवं बाल श्रम उन्मूलन के लिए सख्त कार्रवाई करें: – कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया
श्रम विभाग की टास्कफोर्स बैठक में पुनर्वास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी, 07 जुलाई 2026- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम विभाग की जिला स्तरीय टास्कफोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 तथा बंधुआ श्रम प्रणाली (उन्मूलन) अधिनियम, 1976 के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। जिसमें पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अपर कलेक्टर जेपी यादव, इंटरनेशनल जस्टिस मिशन भोपाल एनजीओ के संस्थापक मंहतेश मधाले, श्रम विभाग इंस्पेक्टर नीरज तेकाम सहित संबंधित विभाग के सभी अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि कहीं भी बंधुआ या बाल श्रमिक पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल मुक्त कराने के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस का सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि मुक्त कराए गए श्रमिकों का पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रमिकों के पुनर्वास में कार्य कर रहे स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) को प्रत्येक श्रमिक का आधार कार्ड एवं संपर्क नंबर उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि यदि वे रोजगार के लिए अन्य स्थानों पर जाएं तो उनसे नियमित संपर्क बना रहे और आवश्यकता पड़ने पर समय पर सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बाल एवं बंधुआ श्रम की रोकथाम, श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा तथा पुनर्वास की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने इस संबंध में विभागीय गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्रस्तुत की।

