
चाय के टपरे में मिला अधेड़ का शव, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
संपादक: प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे, डिंडोरी-23 जुलाई 2026- जिला मुख्यालय में गुरुवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव चाय के टपरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना चाय संचालक ने तत्काल कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मृतक की पहचान रमेश उर्फ गुड्डू परस्ते के रूप में की है, जो जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 9 का निवासी था। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मृत्यु के कारणों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मृतक के कोई करीबी रिश्तेदार नहीं हैं। ऐसे में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोतवाली पुलिस ने नगर परिषद के सहयोग से मृतक का अंतिम संस्कार कराया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



