
राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने तितरू बैगा के घर पर किया भोजन
जनपथ टुडे, 6 अक्टूबर 2021, मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने बुधवार की दोपहर संरक्षित जनजाति में शामिल बैगा ग्रामीण तितरु के घर पहुंचकर भोजन किया। राज्यपाल को तितरु ने कांसे के बर्तनों व पत्तल में भोजन परोसा। राज्यपाल के घर आने पर खुश तितरू ने बताया कि उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि कभी राज्यपाल उसके घर आएंगे और साथ में भोजन करेंगे। तितरु को राज्यपाल के घर आने की इतनी खुशी थी कि रात भर नींद नहीं आई। वह तैयारियों में जुटा रह गया। राज्यपाल को तितरु ने कोदो कुटकी के चावल के साथ चटनी, और रोटी परोसी। तितरु के घर के बाहर हजारों की संख्या में ग्रामीण जुटे थे। तितरु बैगा ने बताया कि उसने राज्यपाल के समक्ष सड़क की समस्या के साथ जमीन आवंटित करने की भी मांग रखी और पानी की समस्या दूर करने की भी मांग रखी, जिस पर राज्यपाल द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश देने की बात कही है। राज्यपाल ने बैगाओं की समस्याएं सुनी और उनके साथ फोटो खिंचवाई। इस दौरान कलेक्टर रत्नाकर झा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
राज्यपाल ने कार्यों का निरीक्षण किया
राज्यपाल सुबह लगभग 10 बजे जिला मुख्यालय रेस्ट हाउस से रवाना हुए। इसके बाद बैगा चक क्षेत्र पहुंचकर आंगनबाड़ी भवन, प्रधानमंत्री आवास निर्माण आदि कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही पौधारोपण भी किया। राज्यपाल ने मनरेगा योजना से बनाए गए मेढ़ बंधान कार्य का निरीक्षण किया और कोदो कुटकी की फसल का अवलोकन किया।
वे बजाग में तेजस्विनी यूनिट का निरीक्षण करते हुए कोदो कुटकी प्रसंस्करण से तैयार उत्पादों को देखने भी गए। दोपहर दो बजे के बाद लालपुर पहुंचकर स्थानीय बैगा किसान तितरु के यहां भोजन किया। जहां से एमपीटी पाटनगढ़ पहुंचकर गोंडी पेंटिंग का निरीक्षण करते हुए शाम लगभग चार बजे अमरकंटक रवाना हो गए।