नगर में धूमधाम से मनाई गई भगवान परशुराम जयंती, विशाल शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समाज के बुजुर्गों का हुआ सम्मान

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 20 अप्रैल 2026 –विप्र कुल शिरोमणि भगवान परशुराम जयंती 19 अप्रैल को नगर में धूमधाम के साथ मनाई गई। अक्षय तृतीया तिथि के खास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भव्य शोभायात्रा, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा समाज के बुजुर्गों का सम्मान भगवान परशुराम जी की फोटो प्रदान कर तिलक और पुष्पहारों से किया गया।

परशुराम जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय मां नर्मदा के पवित्र तट पर विप्र समाज के द्वारा उनके आराध्याय भगवान परशुराम का विधिवत वेद मत्रों के साथ पूजन संपन्न किया गया इस दौरान बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के महिला पुरुष युवा बच्चे मौजूद रहे।

भव्य शोभायात्रा ने किया नगर भ्रमण, जगह जगह हुआ स्वागत

पूजन कार्यक्रम के बाद श्री परशुराम जी की भव्य  झांकियों के साथ विशाल शोभा यात्रा का नगर में भ्रमण कराया गया ।इस दौरान भारत माता चौक में नगर परिषद के पार्षदों के द्वारा फूल माला ,पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। लक्ष्मी माता मंदिर में स्थानीय जनों के द्वारा शोभायात्रा में सम्मिलित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। जगदंबा मंदिर के पास अशोक छावड़ा ने सा परिवार शोभायात्रा का स्वागत किया। बीजेपी कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर विप्र समाज के लोगों का अभिनंदन किया। शोभा यात्रा का समापन स्थानीय श्री गायत्री शक्तिपीठ में हुआ जहां महा आरती के बाद शोभायात्रा में सम्मिलित सभी लोगों को प्रसाद का वितरण किया गया।

बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने किया सभी को प्रभावित, सहभोज भी हुआ आयोजित

श्री परशुराम जयंती के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय श्री गायत्री शक्तिपीठ परिसर में समाज के छोटे-छोटे बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई बच्चों के द्वारा प्रस्तुत किए गए गीत नृत्य और उद्बोधन ने उपस्थित सभी जनों को प्रभावित किया लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह वर्धन किया। कार्यक्रम में सम्मिलित सभी बच्चों को उपहार प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। कार्यक्रम में सम्मिलित समाज के सभी लोगों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया जहां पर सभी ने भाईचारे के साथ भोजन ग्रहण करते हुए एक दूसरे को शुभकामनाएं और बधाई दी।

बैठक और सामाजिक चर्चा

कार्यक्रम के अंतिम अवसर पर समाज के प्रबुद्ध जन वरिष्ठ जनों ने एक बैठक आयोजित की और समाज के भविष्य को लेकर जरूरी चिंतन और चर्चा की। कार्यक्रम को जिला बिप्र समाज के जिला अध्यक्ष सुधीर दत्त तिवारी ने संबोधित किया उन्होंने कहा कि आज समाज के सभी लोगों को एकजुट होने की आवश्यकता है समाज का उज्जवल भविष्य समाज के युवाओं की लगन मेहनत और कठिन परिश्रम से ही संभव है। कार्यक्रम में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित और सहयोग प्रदान करने वालों का आभार प्रदर्शन राम प्रकाश मिश्रा ने किया। मंच का सफल संचालन संजय तिवारी ने किया।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000