
मौसम बदला सात जिलों में सुबह हुई बारिश, जिले में छाए बादल
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 28 दिसंबर 2021, तेज ठंड से पिछले दो दिनों से कुछ राहत के बाद कल से ही बादलों की लुकाछिपी दिखाई देने लगी थी। आज सुबह से जिले में कोहरा और बादल छाए रहे। सुबह से धूप की लुकाछिपी के बाद दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह बादल छा चुके है, सूरज के दर्शन नहीं हो रहे है। हवा चलने के कारण लोग आग तापते देखे जा रहे है। मौसम का मिजाज देखकर शाम तक बरसात होने की संभावनाएं लग रही है।
बदलते मौसम से किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान की फसल अभी घर के बाहर है या फिर खरीदी केंद्रों पर पहुंचे किसान मौसम को लेकर चिंतित है वहीं खरीदी केंद्रों में संग्रहित धान को भी बरसात से नुकसान होने की आशंका है।
प्रदेश के सात जिलों में बरसात
भोपाल, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, विदिशा, अशोकनगर और छतरपुर में आज सुबह बारिश हुई कहीं तेज तो कहीं हल्की बूंदाबांदी की खबर है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी बरसात और ओले गिरने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। आगामी दो तीन दिनों तक प्रदेश का मौसम खराब रहने, ओले, बरसात और कोहरे की जानकारी मौसम विभाग द्वारा दी जा रही है।