
आबकारी विभाग की कार्यवाही – अवैध शराब के 08 प्रकरणों में 20 हजार रुपए की शराब जप्त

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 20 फरवरी, 2026 – जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय की रोकथाम के उद्देश्य से 18 एवं 19 फरवरी को आबकारी विभाग द्वारा वृत्त समनापुर एवं डिंडोरी क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों के आधार पर दबिश देकर कार्यवाही की गई। इस दौरान कुल 08 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
कार्यवाही के दौरान ग्राम जलेगांव निवासी देवीसिंह पिता मंगल मरावी के कब्जे से 40 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 10 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं सुनील पिता मत्तू कुसराम, ग्राम जलेगांव से 18 केन पावर दस हजार, 05 बोतल हंटर बियर तथा 48 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई। छत्तर सिंह पिता सुकाली, ग्राम जलेगांव से 07 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब एवं छिद्दी लाल पिता गुटरू यादव, ग्राम सुन्दरपुर से 07 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई। इसी प्रकार राम बाई पति सुरेंद्र, वार्ड क्रमांक 12 डिंडोरी से 18 पाव गोवा व्हिस्की विदेशी मदिरा जब्त की गई। सुनील पिता स्व. श्री बेनीराम, वार्ड क्रमांक 12 डिंडोरी स्थित अंडा दुकान से लगभग 300 एमएल पानी मिश्रित एम.डी. रम विदेशी मदिरा तथा 02 खाली डिस्पोजल (मदिरा गंधयुक्त) बरामद किए गए। जानकी बाई पति स्व. श्री शंकर यादव, वार्ड क्रमांक 9 डिंडोरी से 07 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब तथा फगनी बाई पति शिवकुमार, वार्ड क्रमांक 9 डिंडोरी से 06 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई।
उक्त कार्यवाही में कुल 37 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, 40 किलोग्राम महुआ लाहन, 18 बियर केन, 05 बियर बोतल, 48 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 18 पाव गोवा व्हिस्की विदेशी मदिरा बरामद की गई। बरामद सामग्री की अनुमानित कुल कीमत ₹20,464/- आंकी गई है।
सभी प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क, च एवं 36 ए के अंतर्गत पंजीबद्ध किए गए हैं। यह कार्यवाही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार एवं आबकारी अधिकारी राम जी पांडे के मार्गदर्शन में की गई। टीम में उप निरीक्षक सम्हर सिंह धुर्वे, आबकारी आरक्षक राम भरोस ठाकुर, छिद्दी लाल झारिया, मनीष उईके, करिशमा सलामें तथा नगर सैनिक तोक सिंह मरावी एवं श्रीमती कोता बाई की भूमिका महत्वपूर्ण रही।




