लापरवाह कृषि आदान विक्रेताओं को जारी किया गया नोटिस- स्टॉक पंजी, बिल बुक का नहीं मिला विधिवत संधारण 

Listen to this article

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी : 04 जून,2026- खरीफ सीजन को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में कृषि आदान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 03 जून 2026 को कृषि विभाग की टीम ने बजाग तहसील क्षेत्र के निजी कृषि आदान विक्रेताओं एवं बजाग सोसायटी का निरीक्षण किया।

सहायक संचालक कृषि सुश्री अभिलाषा चौरसिया, अमित भटनागर, धर्मेन्द्र खेड़े के मार्गदर्शन में कृषि अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान बीज भंडार एवं किसान केंद्रों का अवलोकन कर स्टॉक रजिस्टर, विक्रय अभिलेख, लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ विक्रेताओं के यहां बिल बुक एवं स्टॉक पंजी संधारित नहीं पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

अधिकारियों ने विक्रेताओं को निर्देश दिए कि बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक दवाओं का विक्रय नियमानुसार करें तथा प्रत्येक किसान को सामग्री विक्रय के समय पक्का बिल अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान बीज भंडारण एवं विक्रय व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखने एवं लाइसेंस की शर्तों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा तथा गुणवत्तायुक्त कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस प्रकार की जांच एवं निरीक्षण की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान धान बीज के गुणवत्ता परीक्षण के लिए चार नमूने भी एकत्र किए गए हैं।

विभाग ने किसानों से अपील की है कि बीज, उर्वरक अथवा कीटनाशक दवाओं की खरीद करते समय विक्रेता से पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें और उसे सुरक्षित रखें, ताकि गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत की स्थिति में आवश्यक कार्यवाही की जा सके। साथ ही किसानों को केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही कृषि आदान सामग्री खरीदने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000