
अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, दो ट्रैक्टर वाहन जब्त
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 8 जून 2026 – कलेक्टर सुश्री अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने विगत दिवस में विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सागरटोला, तहसील बजाग अंतर्गत थाना गाड़ासरई क्षेत्र में एक सोनालिका ट्रैक्टर (बिना नंबर) को खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पाया गया। वाहन चालक तीजा सिंह परस्ते, पिता पर्वत सिंह, निवासी बरगांव तहसील बजाग, जिला डिंडौरी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर थाना गाड़ासरई में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
इसी प्रकार एक जॉन डीयर ट्रैक्टर क्रमांक MP18AB5450 को खनिज मुरुम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पाए जाने पर जब्त किया गया। उक्त वाहन के चालक नंदकिशोर, निवासी ओरई माल, तहसील डिंडौरी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा वाहन को थाना कोतवाली डिंडौरी में सुरक्षार्थ रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि दोनों प्रकरणों में खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर प्रकरण न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी सघन जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

