
बरछा गांव के तालाब में दर्दनाक हादसा: नहाने गई दो महिलाएं डूबीं, एक की मौत, दूसरी की युवक ने बचाई जान

बरछा गांव के तालाब में दर्दनाक हादसा: नहाने गई दो महिलाएं डूबीं, एक की मौत, दूसरी की युवक ने बचाई जान
संपादक: प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी, 21 जुलाई 2026- जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरछा में मंगलवार को तालाब में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गई दो महिलाएं अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। खेत में काम कर रहे एक युवक ने महिलाओं को डूबता देखा तो बिना अपनी जान की परवाह किए तत्काल तालाब में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उसने एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरी महिला को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर शाहपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं रिश्ते दारी में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी और तालाब में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे यह हादसा हो गया। हादसे में संपतिया बाई उद्दे की डूबने से मौत हो गई, जबकि लक्ष्मीबाई उद्दे को युवक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने युवक की बहादुरी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि यदि उसने समय रहते साहस नहीं दिखाया होता तो दोनों महिलाओं की जान जा सकती थी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे ग्राम बरछा में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में तालाबों और जलाशयों के गहरे हिस्सों में जाने से बचने की अपील भी की है।



