कोदो-कुटकी बेकरी ईकाई गुरैया में संपन्न हुआ तेजस्वी महिला संघ डिंडौरी का प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम
महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए हरसंभव मदद की जाएगी: एसडीएम
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 24 सितंबर 2021, शहपुरा, तेजस्विनी महिला संघ डिंडौरी की महिलाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण 24 सितंबर को कोदो-कुटकी बेकरी ईकाई ग्राम गुरैया जनपद शहपुरा में संपन्न हुआ।
आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में तेजस्विनी महिला संघ डिंडौरी की 25 महिलाओ ने भाग लिया था। इस प्रशिक्षण मे महिलाएं कोदो कुटकी बिस्किट, कोदो मफीम, कोदो केक, कोदो चॉकलेट बिस्किट, कोदो नमकीन, मक्का बिस्किट व महुआ बिस्किट बनाना सीखी हैं। इन 25 महिलाओं को मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जा रहा है, जो अन्य संघो में जाकर और महिलाओ को प्रशिक्षण देंगी। दूसरे चरण का उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 सितम्बर 2021 को प्रारंभ किया गया था। जिसका 24 सितंबर को समापन हुआ, प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम में एसडीएम शहपुरा काजल जावला, सयुंक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम दिल्ली के प्रतिनिधि राज्य प्रभारी श्री कुमार साकेत, सलाहकार भोपाल श्री तरुण बाम्बा, राज्य समन्वयक श्री यशवंत सोनवानी, तहसीलदार नायब तहसीलदार, जिला समन्वयक तेजस्विनी महासंघ सहित सरपंच, उप सरपंच, तेजस्विनी महिला संघ के प्रतिनिधि अधिकारी-कर्मचारी और कार्यकता मौजूद थे।
समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम शहपुरा श्रीमति काजल जावला ने महिलाओं को राजमार्ग पर स्थानीय उत्पादों का रेस्टोरेंट जैसे काम प्रारंभ करने के सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों के रेस्टोरेंट खोलकर कोदो-कुटकी से बने व्यंजन उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर हर संभव मदद करने की बात कही हैं। इस अवसर पर महिलाओ के द्वारा बनाये गये उत्पाद का अवलोकन भी किया गया। अधिकारियों को महिलाओ द्वारा उत्साहपूर्वक बताया गया कि वह अपनी उत्पाद को अब ऑनलाइन भी बेचेंगी, जिसकी प्रशिक्षण भी उन्हें लगातार मिल रही है। उन्होंने बताया कि सभी महिलाओं को अलग-अलग विषयों पर सक्षम बनाने का कार्य जारी है। वर्तमान मे तेजस्विनी महिला संघ के 25-25 सदस्यों को डिजिटल मार्केटिंग, बुककीपिंग एवं खाद्य सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त कर समूह की महिलाएं गांवों और दूसरी इकाईयो में जाकर अन्य महिलाओं को भी सक्षम बनाएंगी।