भाजपा ने राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव लड़ने लिया फैसला

Listen to this article

चार प्रत्याशियों के नाम बंद लिफाफे में दिल्ली भेजे

विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश कार्य समिति की बैठक के बाद दी जानकारी

 

जनपथ टुडे, मार्च, 08, 2020,
भोपाल. मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में भाजपा आर-पार के मूड में है। रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें 2 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया। इसके बाद राज्यसभा की 2 सीटों के लिए 4 नाम दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व को बंद लिफाफे में भेजे हैं। अब उम्मीदवार कौन होंगे, इसका फैसला भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति करेगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि होली के बाद दोनों नामों की घोषणा हो जाएगी।

विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक के बाद मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘वे जानते हैं कि अभी संख्या बल के हिसाब से भाजपा को एक सीट मिल सकती है। लेकिन, भविष्य में संभावनाओं को देखते हुए पार्टी ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।’

प्रदेश में सियासी उठापटक को लेकर किए सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा, ‘राज्य में लोकतंत्र नहीं बचा है। भाजपा विधायकों को पुलिसिया कार्रवाई से दबाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस कार्रवाई गुंडागर्दी की तरह है। लेकिन कमलनाथ सरकार को यह जान लेना चाहिए कि हम लोग संघर्ष करके आगे बढ़े हैं और जितना डराने का प्रयास हमें किया जाएगा, हम उतने ही मजबूत होंगे।’ उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ सरकार राज्य के लोगों को लगातार गुमराह कर रही है।

 

26 मार्च को है चुनाव

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा और पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया का 9 अप्रैल को राज्यसभा में कार्यकाल पूरा हो रहा है। प्रदेश में राज्यसभा की इन तीनों सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होना है।

 

कांग्रेस को दूसरी सीट जीतने के लिए 2 विधायकों की जरूरत होगी, भाजपा को 9 की

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यों वाली विधानसभा में इस वक्त 228 सदस्य हैं। 2 विधायकों के निधन के बाद दो सीटें खाली हैं। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 2 प्रत्याशियों को विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के हिसाब से 115 विधायकों के मत चाहिए, जिसमें कांग्रेस को निर्दलीय विधायक और मंत्री प्रदीप जायसवाल समेत 2 विधायकों की जरूरत होगी। वहीं, भाजपा को चुनाव में दूसरे प्रत्याशी को जिताने के लिए अपने विधायकों के अलावा 9 अन्य विधायक के वोटों की आवश्यकता होगी।

 

प्रदेश में राज्यसभा की 11 सीटें

प्रदेश में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। वर्तमान में भाजपा के पास 8 और कांग्रेस के पास 3 सीटें हैं। भाजपा के राज्यसभा सदस्य एमजे अकबर, थावरचंद गहलोत, सत्यनारायण जटिया, प्रभात झा, धर्मेंद्र प्रधान, अजय प्रताप सिंह, कैलाश सोनी और संपत्तिया उइके हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्यों में दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा और राजमणि पटेल शामिल हैं।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000