
विद्यार्थियों को समझाया गया जंगल का महत्व
जनपथ टुडे 14 जनवरी सामान्य वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र दक्षिण समनापुर में दो दिवसीय अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन वन ग्राम रजनी सरई के कंजोड़ फॉल और गौराकंहारी के डागौना जल प्रपात में आयोजित किया गया। शासकीय विद्यालय गौराकंहारी, रंजरा,बंजरा, माध्यमिक और प्राथमिक शाला धुरकुटा, अजगर के छात्र छात्राओं को अनुभूति कार्यक्रम अन्तर्गत वन अधिकारियों की उपस्थिति में वनक्षेत्र का भ्रमण करवाया गया। इस दौरान वनों से संबंधित विभिन्न जानकारियां देते हुए वनों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही वन अमले ने विद्यार्थियों को जंगल और जंगली जानवरों के महत्व की जानकारी प्रदान की, घरेलू ईंधन निस्तार के लिए हरे भरे वृक्षों को काटने की जगह जंगल मे बेकार पड़ी सूखी लकड़ी के उपयोग की जानकारी देते हुए उन्हें वनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्य, सयुंक्त वन प्रबंधन, वन विभाग के कार्य, प्राकृतिक वातावरण में जीव और पक्षी दर्शन, विभिन्न प्रकार के वृक्षों की पहचान, उनके वैज्ञानिक नाम तथा औषधीय गुण की जानकारियां भी प्रदान की गईं। अनुभूति कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता, पर्यावरण से संबंधित गीत के माध्यम से छात्रों के ज्ञान को परखा गया। बालक बालिकाओं में वनों के विषय में जानकारियों से संबंधित प्रश्नों की प्रतियोगिता की गई और सही जवाब देने वाले छात्रों तथा चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को शील्ड और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। वन मंडल अधिकारी पुनीत सोनकर के निर्देशन में आयोजित अनुभूति कार्यक्रम में पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे, सरपंच राम कुमार, सरपंच गौराकंहारी सुम्मल सिंह धुर्वे, रेंजर रेवा सिंह परस्ते के साथ रेंज दक्षिण समनापुर के वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी और विद्यायल प्राचार्य मौजूद रहे।