
पौधारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी करें सुनिश्चित : – कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया

एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत धमनगांव में 15 हजार फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी, 13 जुलाई 2026 – पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “एक पेड़ मां के नाम” पौधारोपण अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड डिंडौरी के धमनगांव (जोगीटिकरिया) में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत 30 हेक्टेयर क्षेत्र में 15 हजार फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, वनमण्डलाधिकारी अशोक कुमार सोलंकी, एसडीओ (आईएफएस) विशाल कुमार, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, जनप्रतिनिधियों में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पूजन-अर्चन के उपरांत किया पौधारोपण
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं वनमण्डलाधिकारी अशोक कुमार सोलंकी द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन के उपरांत पौधारोपण कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लेना चाहिए। पौधों के सुरक्षित और विकसित होने से ही पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल होगा तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए आमजन से भी अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।

