
एसडीएम रामबाबू देवांगन ने किया कन्या परिसर एवं छात्रावास का निरीक्षण, छात्राओं से संवाद कर जाना उनका भविष्य का लक्ष्य

एसडीएम रामबाबू देवांगन ने किया कन्या परिसर एवं छात्रावास का निरीक्षण, छात्राओं से संवाद कर जाना उनका भविष्य का लक्ष्य
संपादक: प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे, डिंडौरी शनिवार, 1 अगस्त 2026- शनिवार 1अगस्त को एसडीएम रामबाबू देवांगन ने कन्या शिक्षा परिसर एवं छात्रावास का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से आत्मीय चर्चा करते हुए उनकी पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य और कैरियर की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
l
एसडीएम ने छात्रावास की भोजनशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने माध्यमिक छात्रावास में बच्चों के लिए तैयार भोजन स्वयं चखकर देखा और भोजन की गुणवत्ता तथा स्वाद की सराहना करते हुए रसोइयों की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास के रसोईघर, बाथरूम, शौचालय, पेयजल व्यवस्था एवं समग्र साफ-सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका, संस्था के प्राचार्य एवं छात्राओं की सराहना की और कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बच्चों के बेहतर शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर एसडीएम रामबाबू देवांगन ने छात्राओं के साथ परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक छात्रा से पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास अधीक्षिका, संस्था के प्राचार्य सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। एसडीएम ने छात्राओं को अनुशासन, स्वच्छता और नियमित अध्ययन के महत्व पर भी मार्गदर्शन दिया तथा कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।



