
विधिक सेवा सप्ताह के तहत जिला जेल में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता शिविर

बंदियों को संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, अपील प्रक्रिया एवं पुनर्वास संबंधी दी गई जानकारी
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी, 16 नवंबर 2026 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिला जेल डिंडौरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती शशिकांता वैश्य के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार पटेल के निर्देशन में आयोजित शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती दीपिका तरन ने बंदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा पुनर्वास संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को समाज की मुख्यधारा में पुनः जुड़ने एवं सामाजिक पुनर्वास के महत्व से भी अवगत कराया।
इस दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ताओं ने बंदियों को अपील प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, उपलब्ध कानूनी उपायों एवं उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी दी। साथ ही विधिक अधिकारों के संरक्षण के लिए निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
शिविर का उद्देश्य बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना तथा विधिक सहायता एवं पुनर्वास संबंधी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।
इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल दशरथ सिंह धुर्वे, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल कृष्ण कुमार, पैरालीगल वॉलंटियर्स, जेल स्टाफ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।


