
पेयजल को लेकर बवाल – देवरा के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पानी दो पानी दो के नारे – ठेकेदार पर ग्रामीणो ने लगाए अभद्रता करने के आरोप
पेयजल को लेकर बवाल – देवरा के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पानी दो पानी दो के नारे
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 19 मई 2026 – डिंडोरी जिले के देवरा गांव में मंगलवार को ग्रामीणों ने पेयजल समस्या और ठेकेदार के कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में मुड़की रोड खाली बर्तन लेकर जाम कर दिया। ग्रामीणों ने नलजल योजना का काम कर रहे पीएचई विभाग के ठेकेदार सुरेंद्र ओझा पर अभद्रता का आरोप भी लगाया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से मिली PHE मंत्री संपतिया उईके- ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
जिले में दौरे पर आईं पीएचई मंत्री संपतिया उइके भी मामले की जानकारी लगने पर ग्रामीणों के बीच पहुंची तथा ग्रामीणों से चर्चा की, जिसके बाद मंत्री ने अधिकारियों को ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
महिलाओं ने लगाये ठेकेदार पर अभद्रता के आरोप
ग्रामीण महिला शकुंतला बाई ने बताया कि उनके गांव में दो-तीन दिन में एक बार पानी आता है। ग्रामीणों ने ठेकेदार को नियमित पानी आपूर्ति के लिए बुलाया था, लेकिन बातचीत के दौरान ठेकेदार ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ढाई करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर चार साल से काम चल रहा है, फिर भी उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारी गांव का दौरा करेंगे और अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने जल स्तर में लगातार कमी पर चिंता व्यक्त की।
ठेकेदार ने कहा लो वोल्टेज बड़ी समस्या अभद्रता के आरोप निराधार
ठेकेदार सुरेंद्र ओझा ने अपने ऊपर लगे अभद्रता के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि लो वोल्टेज की समस्या के कारण पानी की टंकी पूरी तरह भर नहीं पा रही है, और वे उपलब्ध पानी की ही आपूर्ति कर रहे हैं। इसी को लेकर कुछ लोग बहस कर रहे थे। मैने किसी से अभद्रता नहीं की है।



