
समनापुर में जल संकट, ग्रामीणों ने बंद किया जनपद गेटः नल कनेक्शन की मांग पर धरने पर बैठे ग्रामीण; अधिकारी बोले-पाइपलाइन का काम जारी
समनापुर में जल संकट, ग्रामीणों ने बंद किया जनपद गेट
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 8 जून 2026 – डिंडोरी जिले के समनापुर में सोमवार को ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर जनपद पंचायत का गेट बंद कर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीण हर घर नल कनेक्शन की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शनकारी सुबह से जनपद गेट के सामने बर्तन रखकर बैठे हैं।
समनापुर ग्राम पंचायत के भरिया टोला से आए राम निवास की माने तो लगभग 40 परिवारों को पानी नहीं मिल रहा है, जिससे वे परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वे कई बार ग्राम पंचायत और विभागीय अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रख चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
हर घर में हो नल कनेक्शन- मांग पर अड़े ग्रामीण
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि पाइपलाइन विस्तारीकरण का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है। ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि हर घर में नल कनेक्शन दिया जाए और पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पानी नहीं मिलता, वे यहां से नहीं जाएंगे और किसी अधिकारी को भी अंदर नहीं जाने देंगे।
पंचायत सचिव नर्मदा प्रसाद बड़गैया ने बताया कि पाइपलाइन विस्तारीकरण का काम चल रहा है। पंचायत ने पिछले तीन महीने से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बोरवेल से पानी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर आ रहे हैं और मोहल्ले की पुरानी पाइपलाइन को गंगू टोला से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि घरों तक पानी पहुंच सके।


