उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित हुआ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Listen to this article

जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडोरी 21 जून 2026 – 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज 177 देशों में एक साथ योगाभ्यास किया जा रहा है, जो विश्व के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग प्रशिक्षक सुश्री आरती बलिया, मोहम्मद अयूब खान एवं मिथिलेश झरिया के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योगाभ्यास के माध्यम से सभी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन में संतुलन बना रहता है तथा व्यक्ति सकारात्मक एवं ऊर्जावान बना रहता है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से निरोगी जीवन के लिए नियमित योग करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में आयुष अधिकारी सत्येंद्र व्यवहार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा नियमित योगाभ्यास करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती देवती, श्रीमती लतिका डेनियल, पुरुषोत्तम कुशराम, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सतीश धुर्वे तथा अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन पुरुषोत्तम राजपूत ने किया।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000