साइबर सुरक्षा: मध्य प्रदेश में “SAFE CLICK-2026” अभियान का आगाज

Listen to this article

✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिब 9406850186

जनपथ टुडे डिंडौरी 24 जून: बढ़ते डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान “SAFE 2CLICK-2026” की शुरुआत की है। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार यह अभियान 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। उक्त अभियान का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक द्वारा यूट्यूब वेबकास्ट के जरिए किया गया।

डिंडौरी में जागरूकता रथ रवाना

इसी कड़ी में डिंडौरी जिले में कलेक्टर श्रीमती अंजु पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने ‘साइबर जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करेगा।

जागरूक नागरिक, सुरक्षित समाज

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या कोई भी गोपनीय डेटा किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया का इस्तेमाल पूरी सावधानी से करें। अधिकारियों ने साफ किया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना समय गंवाए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराए।

नए दौर के साइबर फ्रॉड से रहें सतर्क

आजकल अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं, जिनसे सावधान रहने की सख्त जरूरत है:

  • डिजिटल अरेस्ट: फर्जी पुलिस, सीबीआई या ईडी अधिकारी बनकर डराना।
  • टास्क और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: टेलीग्राम-व्हाट्सएप पर पार्ट-टाइम जॉब या फर्जी निवेश का लालच देना।
  • अकाउंट हैकिंग और सेक्सटॉर्शन: सोशल मीडिया प्रोफाइल हैक करना या वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल करना।
  • केवाईसी और लोन फ्रॉड: बैंक अपडेट के नाम पर या फर्जी ऐप के जरिए लोन देने का झांसा।

जन-जन तक पहुँचेगा संदेश

आगामी दिनों में इस अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। इसके तहत जिले के स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों और ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को जागरूक कर साइबर अपराधों को रोका जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी

इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेंद्र सिंह, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, डीएसपी पुरुषोत्तम मरावी, यातायात प्रभारी सुभाष उइके और कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000