स्कूलों एवं छात्रावासों में छात्रों के प्रवेश को अभियान के रूप में चलाएं : संभागायुक्त  धनंजय सिंह

Listen to this article

 

स्कूलों एवं छात्रावासों में छात्रों के प्रवेश को अभियान के रूप में चलाएं : संभागायुक्त  धनंजय सिंह

संपादक प्रकाश मिश्रा 

  जनपथ टुडे डिंडोरी 4 जून 2026- संभागायुक्त धनंजय सिंह ने डिंडौरी जिले के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य विकासखण्ड बजाग में सघन भ्रमण कर शासन की विभिन्न योजनाओं/गतिविधियों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान हाईस्कूल सरवाही और आयुष्मान आरोग्य मंदिर हर्रा टोला का निरीक्षण किया। सरवाही में उन्होंने विद्यार्थियों से उनके शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा विद्यार्थियों से कहा कि वे नियमित पठन पाठन करें। हर्रा टोला में आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दवाईयों की उपलब्धता व एवं वितरण पंजी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा हर्रा टोला में ही सहकारी संस्था का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।

संभागायुक्त ने मझियाखार में कृषक  जीतेन्द्र साहू द्वारा की जा रही जैविक उद्यानिकी मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेकर उद्यानिकी को उन्नत रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया। संभागायुक्त  ने निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत चांडा के वन्या रेडियो सेन्टर का अवलोकन भी किया।

स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधन कार्यशाला सह समीक्षा

संभागायुक्त श्री सिंह ने आज डिंडौरी प्रवास के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सरवाही में स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं की शत प्रतिशत एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करें, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीकाकरण, पोषण पुर्नवास पर विशेष ध्यान दें। आंगनवाडी में दर्ज बच्चों की स्थिति व उनके पोषण प्रबंधन के बारे में जानकारी लेकर कहा कि इस संबंध में माह में एक बार कार्यशाला आयोजित की जाए और सीएमएचओ तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अधिकारी स्वास्थ्य और पोषण के संबंध में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की मॉनीटरिंग करें। इस दौरान एएनसी पंजीयन व टीकाकरण में कम प्रगति लाने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य को दिए।

संभागायुक्त  धनंजय सिंह ने भ्रमण के पश्चात् कलेक्टर कार्यालय डिंडौरी में जिला व संभागीय अधिकारियों की बैठक कर शासन के प्रमुख कार्यक्रमों और प्राथमिक अभियानों की प्रगति की चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में निराकरण करें। इसके साथ ही जिला सडक सुरक्षा समिति की बैठक के माध्यम से सड़क सुरक्षा हेतु ब्लैक स्पॉट्स का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने पीएम राहत, वन अधिकार अधिनियम अंतर्गत व्यक्तिगत/सामुदायिक दावे के संबंध में भी समीक्षा की ।

संभागयुक्त द्वारा जिले के सभी स्कूलों एवं छात्रावासों में छात्रों के नामांकन एवं प्रवेश को अभियान के रूप में चलाकर कार्यवाही समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत प्रतिशत अपार आईडी निर्माण, पाठ्यपुस्तकों का वितरण समय पर सुनिश्चित करने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में सीएम राइज स्कूलों के सुव्यवस्थित संचालन व उनमें बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी इसकी सतत मॉनीटरिंग करें।

बैठक के दौरान पीएम आवास, संबल योजना अंतर्गत पंजीयन, जल गंगा संवर्धन, पीएम जनमन, पीएमजीएसवाय, जल जीवन मिशन और निर्माण कार्यों के संबंध में विस्तार से समीक्षा की।

संभागायुक्त धनंजय सिंह ने कहा कि खाद वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करें इसके अलावा उन्होंने कहा कि खाद, बीज व कीटनाशक गुण नियंत्रण के सम्बन्ध में विभागीय अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कार्रवाई की जाकर अमानक पाए जाने की स्तिथि में संबंधित विक्रेताओं पर आवश्यक प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान प्राकृतिक खेती, नरवाई/पराली प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। पशुपालन विभाग के समीक्षा के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनू योजना, हिरण्यगर्भा योजना, क्षीरधारा ग्राम अभियान और आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना की प्रगति की समीक्षा गई। मत्स्य पालन विभाग अंतर्गत मत्स्य उद्योग नीति 2026 अंतर्गत केज स्थापना, मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना, स्मार्ट फिश पार्लर व मत्स्य पालकों के केसीसी की प्रगति पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। सहकारिता विभाग अंतर्गत सोसायटी द्वारा खरीफ सीजन में अल्पावधि ऋण वितरण की समीक्षा की गई। साथ ही निर्देशित किया कि माइक्रो क्रेडिट की दिशा में प्रभावी पहल की जाए।

संभागायुक्त  सिंह ने बैठक के दौरान कहा कि सभी छात्रावास, आंगनवाडी व स्कूलों में भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करें एवं इन संस्थाओं में स्थित पानी की टंकी की साफ-सफाई भी नियमित रूप से सुनिश्चित कराते हुए वाटर टेस्टिंग भी कराएं। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, ऊर्जा, नगरीय प्रशासन एवं विकास, जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य रूप से कहा कि कृषकों को खाद बीज की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित हो।

संभागायुक्त ने विभागीय योजनाओं में कम प्रगति लाने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिये।

भ्रमण एवं समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक  आशीष खरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  दिव्यांशु चौधरी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000