नगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा – कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने की खुशहाली की कामना, नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

Listen to this article

संपादक: प्रकाश मिश्रा

जनपथ टुडे, डिंडौरी 19 जुलाई 2026 –डिंडौरी नगर में रविवार को भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ पुरानी डिंडोरी स्थित कंपनी चौक से हुआ, जहाँ भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना और भोग अर्पण के बाद कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने खुशहाली की कामना करते हुए रथ यात्रा को रवाना किया।

कंपनी चौक से मेंकलसुता महाविद्यालय तक रही रथ यात्रा की धूम 

रथयात्रा कंपनी चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मेकलसुता महाविद्यालय तक पहुँची, जहाँ धार्मिक आयोजन के साथ यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान श्री जगन्नाथ के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

नगर वासियों ने किया रथ यात्रा का भव्य स्वागत

नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर रथयात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा की, महिलाओं ने आरती उतारकर प्रसाद अर्पित किया तथा जगह-जगह स्वागत मंच बनाकर भक्तों का अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को खींचना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है और इससे सुख, समृद्धि तथा मनोकामनाओं की पूर्ति होती है।

इस अवसर पर डिंडौरी एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक भी रथयात्रा में शामिल हुए।

कलेक्टर ने दी नागरिकों को शुभकामनाएं 

रथयात्रा के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने भगवान श्री जगन्नाथ से जिले की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना करते हुए सभी नागरिकों को रथयात्रा की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, आस्था और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने किया व्यापक इंतजाम

रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई थी। नगर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा कोतवाली एवं यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान पूरे समय व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे, जिससे आयोजन निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000