
राष्ट्रभक्ति के रंगों में रंगा डिंडोरी: भव्य तिरंगा यात्रा ने रचा इतिहास
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिबेआलम
जनपथ टुडे डिंडोरी 13 अगस्त:- जब देशभक्ति का जज़्बा सीने में उमड़ता है, तो पूरा शहर एक सुर, एक ताल और एक ही रंग में रंगा नज़र आता है। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य और प्राकृतिक सुंदरता से आच्छादित जिला डिंडोरी में भी हाल ही में ऐसा ही एक अद्भुत नज़ारा देखने को मिला, जहाँ आयोजित विशाल ‘तिरंगा यात्रा’ ने राष्ट्रीय चेतना और प्रशासनिक सहभागिता का एक अनूठा संगम प्रस्तुत किया। इस यात्रा की सबसे खास बात इसकी भव्यता और गरिमा रही, जिसका नेतृत्व जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों ने किया।
जब जिले के वरिष्ठ अधिकारी खुद हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर सड़कों पर उतरे और कदम से कदम मिलाकर चले, तो इस आयोजन ने लोकतंत्र की खूबसूरती और संवेदनशीलता को और बढ़ा दिया। इस भव्य यात्रा में जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ,न अनुविभागीय विभागीय अधिकारी, और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया। यात्रा के मार्ग में जिले के वार्ड पार्षदों की विशेष सक्रियता देखने को मिली, जिन्होंने भारत माता चौक और रानी अवंति बाई चौक पर यात्रा पर पुष्पवर्षा कर अभूतपूर्व स्वागत किया और स्वयं भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

यदि इस विशाल तिरंगा यात्रा को सबसे अधिक जीवंत, सुंदर और प्रेरणादायक किसी ने बनाया, तो वे थे गवर्मेंट एक्सीलेंस स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राएं। हाथों में लहराता तिरंगा, चेहरे पर मासूम मुस्कान और आंखों में देश के प्रति गर्व का भाव लिए इन दोनों प्रमुख विद्यालयों के बच्चों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। स्कूली बच्चों के अनुशासित कदम, हाथों में तिरंगे के तीन रंगों की छटा और गगनभेदी नारों ने इस यात्रा को एक भव्य उत्सव में बदल दिया।



