
अतिथि शिक्षकों ने खोला मोर्चा, मुख्यमंत्री के नाम 5 सूत्रीय ज्ञापन
✍️ उपसंपादक मोहम्मद साहिबेआलम
अतिथि शिक्षकों ने अपने अनिश्चित भविष्य पर चिंता जताई मांगा समाधान
जनपथ टुडे 16 अगस्त डिंडोरी:- प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बीते 18 वर्षों से लगातार अपनी सेवाएँ दे रहे अतिथि शिक्षकों का सब्र अब जवाब देने लगा है। आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ, जिला डिंडोरी ने अपने जिला अध्यक्ष श्री इमरान मलिक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के नाम एक ज्ञापन सौंपकर अपनी वर्षों पुरानी और लंबित तात्कालिक समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वे बेहद अल्प मानदेय पर दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर निष्ठापूर्वक अध्यापन कार्य करा रहे हैं, लेकिन शासन की गलत नीतियों और अनिश्चितता के कारण वे लगातार आर्थिक और सामाजिक संकट झेलने को मजबूर हैं।
18 साल की सेवा के बाद भी बेरोजगारी की तलवार
संघ के जिलाध्यक्ष श्री इमरान मलिक ने बताया कि 70 से 80 किलोमीटर दूर जाकर पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षक शिक्षा विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं। इसके बावजूद ‘समान कार्य समान वेतन’ तो दूर, उन्हें समय पर मानदेय तक नसीब नहीं होता। वर्षों की सेवा के बाद भी सीधी भर्ती, प्रमोशन, ट्रांसफर और शासन की अन्य नीतियों के चलते उन्हें किसी भी समय नौकरी से बाहर कर दिया जाता है, जिससे उनके सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो जाता है।
जिला अध्यक्ष श्री इमरान मलिक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा हमारी 5 प्रमुख मांगें है कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा 2 सितंबर को की गई घोषणाओं को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। दूसरी
2011 TET अंक स्कोर कार्ड में जोड़ें जाएं तीसरी मांग ये है कि उच्चतम न्यायालय (Supreme Court) के आदेशानुसार वर्ष 2011 की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के अंकों को स्कोर कार्ड में शामिल किया जाए। चौथी मांग हमारे
मानदेय में शत-प्रतिशत वृद्धि की जाए और वर्तमान मानदेय को तुरंत प्रभाव से दो गुना किया जाए। तथा पांचवें हम अतिथि शिक्षक संघ चाहते हैं कि
62 वर्ष तक नियमित एवं निरंतर रूप से सेवा का अवसर दिया जाए। लगातार हो रही बारिश के बावजूद रैली में करंजिया ब्लॉक अध्यक्ष सुशील वर्मा अमरपुर ब्लॉक अध्यक्ष चंद्र किशोर हरदा डिंडोरी ब्लॉक अध्यक्ष गौरी शंकर जिला उपाध्यक्ष जगमोहन तिवारी जिला सचिव हरीश खान कार्यालय प्रभारी आनंद कटारिया मीडिया प्रभारी वीरेंद्र गोपालपुर के महेश्वरी अनुपमा नामदेव बजाग के अनूप मरावी अवध मरावी के साथ सैकड़ो अतिथियों शिक्षक भीगते हुए शामिल रहे।



