सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार – अब दफ्तरों के चक्कर नहीं करंजिया में पहुंचा प्रशासन, 328 आवेदनों पर हुई सुनवाई, मौके पर कई समस्याओं का निराकरण

Listen to this article

*विभिन्न विभागों की योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित*

संपादक प्रकाश मिश्रा 

जनपथ टुडे डिंडौरी, 03 अक्टूबर 2026 – सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार शिविर जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखंड करंजिया मुख्यालय में सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। तथा सभी अधिकारी अपने अपने विकासखंड के अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर योजनाओं के विषय में ग्रामीणों को जानकारी प्रदान किए। कल 4 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार के तहत नगरीय क्षेत्रों में शिविर का आयोजन किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत नवाचार के रूप में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास गोरखपुर में लगभग 50 छात्राओं को कक्षा 6वीं से 8वीं तक अध्ययनरत बच्चों को Soles for Souls पहल के अंतर्गत जूते-मौजे पहनाए गए। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने बच्चों से पढ़ाई को लेकर संवाद करते हुए कहा कि वे अपने मन की बात और आवश्यकताएं बेझिझक साझा करें। बच्चों ने विद्यालय में पेयजल सुविधा के लिए आरओ मशीन लगाने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आरओ मशीन स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई पूरी करने के बाद उनके रुचिकर क्षेत्र और कैरियर की योजनाओं के संबंध में भी चर्चा की तथा बच्चों को अपनी रुचि के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं और अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक एवं आर्थिक दोनों रूप से नुकसान पहुंचाता है। सभी लोग नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाएं।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार शिविर के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारी स्वयं आपके गांव पहुंचकर समस्याएं सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा गांव में ही उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित  लगभग 328 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में कई आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, वहीं जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव नहीं हो सका, उनके लिए निर्धारित समय-सीमा तय की गई।

*शिविर में सीसीएल, पेंशन, कृषि उपकरण सहित विभिन्न हितलाभों का किया गया वितरण*

आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 9 हितग्राहियों तथा आयुष्मान योजना के तहत 7 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5 स्व-सहायता समूहों को 15 लाख 50 हजार रूपए का सीसीएल प्रदान किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 9 हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि, 1 को विधवा पेंशन, 3 को कल्याणी पेंशन, 2 को दिव्यांग प्रोत्साहन राशि तथा 14 हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया गया। इसके साथ ही 31 हितग्राहियों का संबल पंजीयन किया गया।

कृषि विभाग के अंतर्गत हितग्राहियों को 1 मोटर स्प्रिंकलर सेट, 1 रीपर, 2 नलकूप एवं 1 बलराम तालाब का लाभ प्रदान किया गया तथा 6 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा 3 को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिया गया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत 2 हितग्राहियों को आचार्य विद्यासागर योजना से लाभान्वित किया गया। शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया गया।

शिविर के दौरान सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ अशोक कुमार सोलंकी, जनपद अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे सहित सम्बंधित अधिकारी कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000