त्योहारों में शांति, सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन अलर्ट- नवरात्र, दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

Listen to this article

कलेक्टर ने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था समय पर दुरुस्त करने के दिए निर्देश

संपादक प्रकाश मिश्रा

जनपथ टुडे डिंडौरी 07 अक्टूबर 2026- आगामी नवरात्र, दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले पर्वों के दौरान जिले में शांति, सद्भाव एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

विसर्जन मार्गों का होगा पूर्व निरीक्षण

कलेक्टर ने नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जाने वाले मार्गों का पूर्व से निरीक्षण किया जाए। मार्ग में आने वाले पेड़ों की आवश्यक छंटाई, विद्युत तारों एवं कनेक्शनों की समुचित व्यवस्था सहित अन्य संभावित बाधाओं को समय रहते दूर किया जाए, ताकि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा हुई।

ये रहे मौजूद-
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह, अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, रेडक्रॉस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000